प्रधानी के चुनाव की रंजिश में घर पर चढक़र ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। प्रधानी के चुनाव की रंजिश में दबंगों ने एक परिवार पर नाजायज असलहों व सरिया, डंडों आदि से हमला बोल दिया तथा ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग में गोली लगने से एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी। घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना कमालगंज क्षेत्र के गांव गौसपुर में सोमवार देर शाम प्रधानी की रंजिश को लेकर प्रधान उवैस आलम ने अपने समर्थक शहीद पुत्र रियाज, शहीद पुत्र कल्लू, करिया, रहीश, कामिल, अमन, सलमान आदि करीब 20-25लोगों के साथ नाजायज असलहों चाकू, लाठी-डंडों व तमंचों से एक परिवार पर हमला बोल दिया तथा ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना में एक सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो युवक बाल-बाल बच गए। गोली से घायल सलमान निवसाी गौसपुर को उसका भाई सीएचसी कमालगंज लाया। जहां उसका उपचार जारी है। घायल के भाई ने बताया गोली उसके भाई के सिर के ऊपर से और हाथ के पास से निकल गई। जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची कमालगंज पुलिस ने हालात को काबू में किया और घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह विवाद गांव की प्रधानी की चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़े की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक थाने में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *