पहले 2 करोड़ का कराया बीमा, फिर बेटे का करा दिया मर्डर, चार गिरफ्तार

समृद्धि न्यूज। मुरादाबाद में अनिकेत शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। जांच में सामने आया है कि 2 करोड़ से अधिक बीमा क्लेम के लिए पिता और वकील ने ही हत्या की साजिश रची थी। मुरादाबाद में बीमे की रकम के लिए पिता ने बेटे की हत्या करा दी। साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी देकर बेटे का कत्ल करा दिया। आरोपी ने 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे। पुलिस ने पिता समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है। मुरादाबाद में हुई अनिकेत शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। अनिकेत का शव 16 नवंबर की रात कुंदरकी इलाके में हाईवे किनारे मिला था। आरोपी ने हत्या कर घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बीमा की भारी रकम और पारिवारिक तकरार अनिकेत के हत्या का मुख्य वजह थी, पुलिस ने मामले में मृतक के पिता सहित उसके सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 16 नवंबर की शाम अनिकेत शादी में जाने की बात कहकर निकला था और देर रात उसका शव कुंदरकी-चंदौसी बाईपास के पास खेत किनारे मिला, जहां हत्या की घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी। मृतक के पिता बाबूराम ने बेटे को मौत को हादसा बताते हुए पुलिस को तहरीर देने से इंकार कर दिया था। इस कारण पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को जांच में पता चला कि अनिकेत के नाम से करीब 2 करोड़ से ज्यादा का बीमा कवरेज था। बीमा कवरेज एंगल को लेकर पुलिस ने जांच तेज की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का मृतक के करीबी लोगों पर शक गहरा गया। पुलिस ने बुधवार की रात अनिकेत के पिता बाबूराम शर्मा को हिरासत में ले लिया। उसने बताया कि उसका बेटा आए दिन घर में शराब पीकर शोरशराबा करता था। बाबूराम ने अमरोहा के नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के रतनपुर निवासी अपने साथी अधिवक्ता आदेश कुमार से संपर्क किया और बेटे के बारे में बातचीत की। अधिवक्ता ने दो जनवरी 2024 को अनिकेत का बहजोई के एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया। कुछ दिन बाद टाटा कंपनी में अनिकेत के नाम 2.10 करोड़ बीमा पॉलिसी कराई, लेकिन बाबूराम को सिर्फ 25 लाख की बताई। इस बीच मार्च 2024 में बाबूराम शर्मा डकैती के एक मामले में जेल गया तो आदेश ने किस्तें भी जमा कर दीं। बाबूराम के जमानत पर छूटने पर अधिवक्ता ने अनिकेत की हत्या की साजिश रची और 25 लाख का लालच देकर पिता बाबूराम को भी शामिल कर लिया। बाबूराम ने अधिवक्ता की मदद से रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र के नटियाखेड़ा निवासी असलम उर्फ सुल्तान को साढ़े तीन लाख रुपये में सुपारी दे दी। असलम ने साथी तहब्बुर मैवाती और रामपुर के शाहबाद रुस्तमपुर निवासी साजिद के साथ मिलकर अनिकेत के सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। एसपी देहात ने बताया कि बाबूराम शर्मा, साजिद, असलम उर्फ सुल्तान, तहब्बुर मैवाती को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार की शाम चारों को कोर्ट में पेश करे के बाद जेल भेज दिया गया। अधिवक्ता आदेश कुमार और विजयपाल सिंह की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *