सोमवार से सावन शुरु, मंदिरों में तैयारियां पूर्ण

पाण्डेश्वरनाथ मंदिर को सजाया गया
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सावन के सोमवार को लेकर शहर के प्राचीन मंदिर रेलवे रोड पर स्थित पाण्डेश्वरनाथ शिवालय में तैयारियां पूरे दिन चलती रही। प्रथम सोमवार को लेकर पाण्डेश्वरनाथ मंदिर को लाइटों व झालरों से सजाकर बेरिकेडिंग लगायी गई। मान्यता है कि सावन के सोमवार पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाता है। भगवान भोलेनाथ को प्रशन्न करने के लिए बेलपत्री, भांग, धतूरा के साथ दूध व जल का अभिषेक किया जाता है। सावन के सोमवार पर व्रत रहने से मनोकामना पूर्ण होती है और परिवार में सुख समृद्धि आती है। सनातन धर्म में युगो युगो से भगवान आदिनाथ शिव की पूजा होती है। सावन के सोमवार पर शिवजी जिस पर प्रशन्न होते है उसके दुख दूर हो जाते है। इस त्योहार को शिव मंदिरों में धूमधाम से मनाया जाता है और भोलेनाथ का श्रंगार किया जाता है। कांवडिय़ां भी दूर दराज से भोलेनाथ को खुश करने के लिए जलाभिषेक करते है और बम-बम भोले की धुन पर पूजा अर्चना करते है। सावन के सोमवार को लेकर शहर के प्रमुख शिव मंदिरों की सजावट की गई। पाण्डेश्वरनाथ शिवालय के अलावा पुठरी स्थित शिव मंदिर, पांचाल घाट स्थित भोलेनाथ का मंदिर के अलावा फतेहगढ़ में शिव मंदिर, स्थानीय मोहल्लों में बने भोलेनाथ के मंदिरों की साज सज्जा की गई। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों के बाहर पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *