फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। यूपी बोर्ड की परीक्षा 24 फरवरी से सम्पन्न होने जा रही है। जिसकी तैयारियों को लेकर छात्र शिक्षकों के मार्गदर्शन में पढ़ाई कर रहे है। परीक्षा पर चर्चा के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए
कन्हैया लाल रामशरण रस्तोगी इंटर कालेज के इतिहास प्रवक्ता ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इंटर मीडिएट में इतिहास छात्रों के लिए इतिहास अपने आप में एक मजेदार विषय है, लेकिन ऐतिहासिक घटनाओं की तिथियां व उनका कालचक्र याद करने में पसीने छूट जाते है। हालांकि विद्यार्थी समय प्रबंधन और सतत अभ्यास से इस कमजोरी को आसानी से दूर कर सकते है। बोर्ड परीक्षा में समय कम है। छात्रों को बिल्कुल घबराने की जरुर नहीं है। अभी भी इस विषय में अच्छे अंक अर्जित कर सकते है। अपने उपयोगी टिप्स देते हुए प्रवक्ता ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इतिहास विषय का प्रश्न पत्र 100 अंक का होता है। पांच खण्ड होते है। खण्ड (क) में दस विकल्पी प्रश्न होते है। जिनके कुल 10 अंक निर्धारित है। खण्ड (ख) में 10 अंक के पांच अतिलघु उत्तरीय प्रश्न होते है। खण्ड (ग) में 6 लघुउत्तरीय प्रश्न होते है। प्रत्येक लघुउत्तरीय प्रश्न के पांच अंक निर्धारित होते है। खण्ड (घ) में 10 अंक के तीन विस्तृत उत्तरीय प्रश्न होते है। प्रश्न के खण्ड में इतिहासिक तिथियों से संबंधित दस प्रश्न और मानचित्र से संबंधित पांच प्रश्न कुल 20 अंक के होते है। तीनों को बांटकर विद्यार्थी रिविजन करें। भाग एक में हड़प्पा की पुरातात्विक खोज की कहानी, हड़प्पाकालीन प्रमुख स्थानों के पुरातात्विक विवरण है।फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कमालगंज के इतिहास व समाजिक विज्ञान अध्यापक रजनीश शिवा ने बताया कि हाईस्कूल में छात्र विशेष राइटिंग पर ध्यान रखें। समाजिक विज्ञान, भूगोल, नागरिक शास्त्र व इतिहास के हिस्से को अगर छात्र सही तरीके से रिविजन करें तो उन्हें पूरे नम्बर मिलेंगे। भूगोल में नक्शा अत्याधिक महत्वपूर्ण है। इतिहास में तिथियां अहम है। बहुविकल्पीय प्रश्नों पर ध्यान देना चाहिए और उनके ठीक से उत्तर बोर्ड परीक्षा में लिखे। जिससे उन्हें पूरे अंक मिल सकें। बार-बार रिविजन से प्रश्न याद हो जाता है।
इतिहास विषय में तिथियों का विशेष ध्यान रखा है: राज सिंह राठौर
रस्तोगी इंटर कालेज कक्षा-12 के छात्र राज सिंह राठौर ने बताया कि विद्यालय में गुरुजनों द्वारा पढ़ाये गये इतिहास विषय के तीनों भाग का सही से रिविजन किया है। समय सारणी के साथ विशेष याद किये गये प्रश्नों को पहले हल करेंगे। ऐतिहासिक घटनाओं से संबंधित स्थान व उनकी तिथियां क्रमबद्ध लिखेंगे और मानचित्र से संबंधित अधिक से अधिक अभ्यास कर रहे है।
समाजिक विज्ञान में सभी प्रश्न अच्छे से याद किये है: आशू
मोहन लाल शुक्ला आदर्श इंटर कालेज कक्षा 10 के छात्र आशू ने बताया कि समाजिक विज्ञान में सभी प्रश्नों को अच्छे से याद किया है। बहुविकल्पीय प्रश्नों पर विशेष ध्यान रखा है। अगर उत्तर ठीक है तो पूरे नम्बर मिल सकते है। ज्यादातर प्रश्नों को लिख-लिखकर याद किया है। विद्यालय में पढ़ाये गये सभी पाठों का विशेष ध्यान रखते हुए बार-बार रिविजन किया है।