IPL Auction: अमेठी के प्रशांत की 14.20 करोड़ में नीलामी पर खुशी से झूम उठे परिजन

समृद्धि न्यूज। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के खिलाडिय़ों की नीलामी में मंगलवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज हरफनमौला ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये और श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए 18 करोड़ रुपये खर्च किए। इस नीलामी में अनकैप्ड अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले भारतीय खिलाडिय़ों को भी बड़ी सफलता मिली। आईपीएल नीलामी में प्रशांत वीर का नाम सुर्खियों में रहा। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के 20 वर्षीय ऑलराउंडर की जिंदगी कुछ ही मिनटों में बदल गई, जब चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया। यह सौदा न सिर्फ एक मोटा कॉन्ट्रैक्ट लेकर आया, बल्कि उन्हें एमएस धोनी के साथ खेलने का सुनहरा मौका भी मिला। अमेठी के प्रशांत वीर के आईपीएल 2026 की नीलामी में इतिहास रचने के बाद उनके माता-पिता व परिजन खुशी से झूम उठे। वहीं, उनके लिए सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। प्रशांत के मां-बाप उनके नाम की घोषणा होते ही खुशी से झूम उठे और उनकी आंखों में बेटे की सफलता के लिए आंसू आ गए। प्रशांत के परिजन आईपीएल 2026 के लिए की जा रही नीलामी को अमेठी में ऑनलाइन पर देख रहे थे।

प्रशांत वीर तिवारी के पिता रामेंद्र तिवारी सहजीपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं, जबकि मां अंजना तिवारी एक गृहणी हैं। बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर अंजना तिवारी ने भावुक होते हुए कहा कि मैं चाहती हूं कि मेरा बेटा भारतीय टीम में खेले और देश का नाम रोशन करे। प्रशांत वीर की प्राथमिक शिक्षा संग्रामपुर ब्लॉक के भारद्वाज एकेडमी एवं केपीएस स्कूल में हुई, प्राथमिक शिक्षा के दौरान ही प्रशांत को क्रिकेट के प्रति विशेष रूचि लगी। शहर स्थित भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में क्रिकेट कोच गालिब अंसारी की देखरेख में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखनी शुरू कर दी। इसी बीच प्रशांत का चयन स्पोट्र्स हॉस्टल मैनपुरी में हो गया।् मैनपुरी से ही कक्षा 9 और 10 की परीक्षा पास की। फिर सहारनपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *