उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ कानपुर हाइवे पर बंथरा थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सोहरामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मढ़ीयामऊ निवासी संत लाल 42 वर्ष पुत्र राजाराम देर शाम किसी काम से बंथरा गए थे। तभी हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संत लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आज सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार के सदस्यों ने बताया कि संत लाल अपने दो भाइयों में छोटे थे और उनकी एक बहन भी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, और संत लाल ही अपने माता-पिता तथा परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा थे। वे मजदूरी करके घर चलाते थे। इस आकस्मिक दुर्घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
