24 हजार रिश्वत लेते खनन अधिकारी गिरफ्तार

 सरकारी आवास से एंटी करप्शन टीम ने दबोचा फतेहगढ़ कोतवाली में चल रही जांच

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन अधिकारी संजय सिंह को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने शुक्रवार दोपहर उनके सरकारी आवास पर छापा मारकर कार्रवाई की। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही खनन विभाग समेत प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने खनन अनुमति (परमिशन) जारी कराने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी। आरोप है कि खनन अधिकारी की ओर से 24 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और निर्धारित रकम लेते समय अधिकारी को पकड़ लिया।

सूत्रों के मुताबिक टीम काफी समय से मामले पर नजर बनाए हुए थी। जैसे ही रिश्वत का लेन-देन हुआ, टीम ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान सरकारी आवास के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि टीम ने मौके से जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं। मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं एंटी करप्शन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

घटना के बाद जिले में अवैध खनन और उससे जुड़े भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से खनन कार्यों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *