नागा संतों ने दिखाये हैरतअंगेज करतब, जगह-जगह हुआ यात्रा का स्वागत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मिनी कुंभ मेला श्री रामनगरिया में श्री पंचदस नाम जूना अखाड़ा की तरफ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। जिसमें सैकड़ों की संख्या में संतों ने भाग लिया। शोभायात्रा पूरे मेले में घूमी। जहां संतों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
जानकारी के अनुसार बसंत पंचमी पर श्री पंचदस नाम जूना अखाड़ा के महंत सत्यगिरी महाराज के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा में नागा साधुओं ने हैरत अंगेज करतब दिखाये। छठी सीढ़ी पर स्थित जूना अखाड़ा क्षेत्र से प्रारंभ हुई नागा साधुओं की भव्य शोभायात्रा मेला क्षेत्र में घूमी। नागा साधुओं पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गयी। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में संतगण व कल्पवासी मौजूद रहे। शोभायात्रा मेला क्षेत्र में प्रशासनिक क्षेत्र से गंगा के किनारे बाले रास्ते होते हुए छठी सीढ़ी के सामने गंगा तट पर पहुंची। जहां पर नागा साधुओं ने पूजा अर्चना कर गंगा में किया अमृत स्नान किया। इसके बाद जूना अखाड़ा में पहुंचकर यात्रा का समापन हो गया। किन्नर अखाड़ा में साधुओं ने भव्य भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा वाले रास्ते पर टैंकर से पानी का छिडक़ाव किये जाने पर महंत सत्यगिरी महाराज ने नाराजगी जताई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि रास्ते में पानी होने की वजह से रास्ता खराब हो गया। जिसकी वजह से हमारे कई साधु संत करतब दिखाते समय गिर गए। यात्रा निकालने में असुविधा हुई है। उन्होंने कहा कि मेला व्यवस्थापक और एडीएम को पहले ही लिखित रूप में जानकारी दे दी गई थी फिर आखिर क्यों यात्रा के आगे-आगे पानी का छिडक़ाव कराया गया। इस संबंध में मेला व्यवस्थापक और एडीएम से भी बात करेंगे और उच्च अधिकारियों से भी शिकायत करेंगे। शोभायात्रा में मुख्य रुप से गुरुजी देवेंद्र गिरि मस्ताना, गंगादास, सागरपुरी, विपिन पुरी, हेतरामदास, महंत रामानंद गिरि, काले बाबा, अमर गिरि, किन्नर अखाड़ा से आशा गिरि (हिन्दू मुस्लिम एकता), हीरा गुरु साईं धाम के अलावा कल्पवासी कोशिकी, बेबी राजपूत भी मौजूद रहे।
श्री पंचदस नाम जूना अखाड़ा से नागा संतों ने निकाली भव्य शोभायात्रा
