आंध्र प्रदेश के चित्तूर में बस हादसे में नौ लोगों की मौत

समृद्धि न्यूज। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में भयानक बस हादसे में नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। चित्तूर-मारेदुमिल्ली घाट सडक़ पर एक निजी ट्रैवल बस के खाई में गिरने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। गुरुवार-शुक्रवार के दरमियानी रात अल्लूरी सीताराम राजू जिले में चिंतुरु मारेदुमिल्ली घाट सडक़ के पास हुआ। सभी यात्री तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। 35 यात्रियों के अलावा एक बस ड्राइवर और एक कंडक्टर था। सभी यात्रियों ने प्राइवेट बस को बुक करवाया था। वे भद्राचलम घूमने के बाद अन्नावरम जा रहे थे। यह घटना आधी रात के बाद घाट रोड पर घटी। पुलिस को संदेह है कि चालक तीखे मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और तुलसीपाका के पास नौवें मील के पत्थर पर सुरक्षा दीवार से टकरा गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। सूचना मिलते ही वो तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों को चिंतूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं और अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढऩे की संभावना है।

हादसे पर सीएम नायडू ने जताया दुख

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा अल्लूरी सीतारामाराजू जिले में चित्तूर के पास तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक प्राइवेट बस के एक्सीडेंट ने हमें झकझोर रख दिया है। यह दुख की बात है कि इस हादसे में कई जानें चली गईं। मैंने अधिकारियों से हादसे के बारे में बात की और पीडि़तों को दी जा रही मदद का विवरण जाना। मैंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर मेडिकल मदद दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। हम मृतकों के परिवारों की पूरी मदद करेंगे। मुझे उम्मीद है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *