बाइक की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साईकिल सवार वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र के गांव भीम नगर निवासी 55 वर्षीय कृपाल सिंह जाटव मंगलवार दोपहर साईकिल से दवाई व डीजल लेने कंपिल आए थे। जैसे ही वह कंपिल सिवारा मार्ग पर गांव रुस्तम नगर के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक ने वृद्ध को टक्कर मार दी। जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार थाना कादरीगेट के पांचाल घाट निवासी दिलावर, जुम्मन व राशिद उछलकर सडक़ पर जा गिरे। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को लोहिया रेफर किया गया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे वृद्ध के स्वजन विलाप करने लगे। मृतक की पत्नी सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पुत्र बृजेश की मौत तीन वर्ष पहले हो चुकी है। शव पीएम हेतु भेज दिया गया है। घायल युवकों के स्वजनों के अनुसार दिलावर के चाचा नूर नवी असलम की पुत्री नाजो की शादी की वलीमा की दावत खाकर युवक वापस लौट रहे थे। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *