पहाड़ से मैदान तक बारिश-भूस्खलन, दिल्ली में आंधी के साथ बारिश

समृद्धि न्यूज। देश में मौसम के मिजाज बदल गए हैं। समूचे उत्तर-पश्चिम और मध्य व पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक और आंधी-तूफान के साथ मानसून पूर्व बारिश हो रही है। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में झमाझम मानसूनी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। यूपी सहित दिल्ली-एनसीआर में भी प्री मानसून के माहौल में बारिश-बूंदें पड़ रही हैं।
दिल्ली के मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है्र जहां एक तरफ दिन में तेज धूप दिल्ली के लोगों को गर्मी से बेहाल कर रही है। वहीं शाम को बारिश से कुछ राहत मिल जाती है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का मौसम ऐसा ही बना हुआ है। इसके बाद उमस का भी दिल्ली वालों को सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी दिल्ली में दिन में तेज धूप खिली और शाम होते-होते दिल्ली का मौसम बदल गया।शनिवार को शाम में धूलभरी आंधी चली और हल्की बारिश हुई। आंधी के चलते दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का तापमान लगभग आठ डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसकी वजह से एयर इंडिया की गोवा-दिल्ली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा और कई उड़ानों में भी देरी हुई। इस साल मई के महीने में दर्ज की गई यह छठी बड़ी आंधी थी। अब मौसम विभाग ने रविवार से बुधवार तक भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जाहिर की है।
विभिन्न राज्यों में भूस्खलन व वर्षा जनित हादसों में 31 लोगों की जान चली गई। इनमें पूर्वोत्तर में 26 हैं, जहां अरुणाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा नौ, असम में आठ, मिजोरम में छह, मेघालय में दो और नगालैंड में एक की मौत हुई है। इसके अलावा कर्नाटक व हिमाचल में दो-दो और उत्तराखंड में एक की जान गई है। लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। कई घर ढह गए हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित शिविरों में ले जाना पड़ा है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन से ठप हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्यों व प0 बंगाल में रविवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *