बैठक में ट्रान्सपोटर्स,बस आपरेटर एवं यूनियन पदाधिकारियो को व्यावसायिक वाहनों को परमिट अच्छादित कराने के उपरान्त ही संचालन के निर्देश जारी।
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। शीतकालीन भ्रमण सम्बन्धी परिवहन आयुक्त के निर्देशों के क्रम में राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति एवं बकाया करों की वसूली,प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा के दृष्टिगत ऋतु सिंह,संभागीय परिवहन अधिकारी अयोध्या द्वारा शुक्रवार को उपसम्भागीय परिवहन कार्यालय सुलतानपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में एआरटीओ (प्रशासन),अलका शुक्ला, एआरटीओ (प्रवर्तन),भूपेश कुमार गुप्ता,पीटीओ,शैलेन्द्र कुमार तिवारी एवं कार्यालय के तीन कर्मचारियों के अलावा अन्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए।उक्त तीनों कर्मचारी अवकाश पर बताये गए।निरीक्षण में सुश्री सिंह द्वारा राजस्व बकाया पर समीक्षा की गयी।समीक्षा में पाया गया कि दिसम्बर 2025 में लक्ष्य के सापेक्ष वसूली 71 प्रतिशत रहा जिस पर आरटीओ द्वारा एआरटीओ (प्रशासन) को निर्देशित किया गया कि बचे हुए दिनों में लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली करना सुनिश्चित करें।वसूली पत्र प्रेषण के रजिस्टरों का अवलोकन किया गया और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कार्यालय को हार्ड कापी भेजते हुए मिलान के निर्देश एआरटीओ को दिये गये। एआरटीओ (प्रशासन) अलका शुक्ला द्वारा बताया गया कि मिलान कराया जाता है,कमियों को दूर किया जा रहा है एवं जनपद में संचालित अनफिट वाहनों के बारे में शत्-प्रतिशत फिटनेस कराने के उपरान्त ही वाहनों का संचालन कराने हेतु एआरटीओ (प्रवर्तन) को निर्देशित किया गया एवं कोहरे के दृष्टिगत मार्ग पर चलने वाले सभी वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के निर्देश भी दिये गये।निर्देश दिए गए कि प्रवर्तन अधिकारी स्कूली वाहनों की नियमित चेकिंग करेगें।यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि अनफिट स्कूली वाहनों का संचालन किसी भी दशा में न हों। इस सम्बन्ध में स्कूल प्रबन्धन के साथ भी बैठक करने के निर्देश दिए गए।मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) द्वारा शीतऋतु में कोहरे के दृष्टिगत दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किये गये है,जिसके प्रचार प्रसार अखबारो,मीडिया, ई-मीडिया,पम्पलेट,स्टेक होल्डर विभागों के साथ समन्वय कर किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए,रिफ्लेक्टिव टेप लगाएं,वाहनों को फिट दशा में रखे,वाइपर,हेड लाइट ठीक हाल में रहें तथा ट्रैक्टर-ट्रालियों में लाल कपडा आदि लगे हों।
इसके अलावा सभी व्यावसायिक वाहनों को परमिट से आच्छादित कराने,स्कूली वाहनों को फिट करवाने,अनफिट वाहनों के पंजीयन निरस्त की कार्यवाही, आरटीए द्वारा निरस्त परमिटों वाले वाहनों के पंजीयन निरस्तीकरण की कार्यवाही के निर्देश दिये गये एवं आईजीआरएस,जनसूचना तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रकरणो का प्रतिदिन निस्तारण एवं कार्यालय में पूर्ण पारदर्शिता से शासन प्रशासन के दिशा निर्देशानुसार अनुपालन व ससमय निस्तारण के निर्देश आरटीओ द्वारा सुश्री अलका शुक्ला,एआरटीओ (प्रवर्तन), भूपेश कुमार गुप्ता, पीटीओ,शैलेन्द्र कुमार तिवारी एवं कार्यालय के समस्त कर्मचारी को दिए गए।आरटीओ द्वारा बस आपरेटरों,वाहन स्वामियों व वाहन चालकों के साथ बैठक की गई।बैठक में उनके द्वारा शीतऋतु में बरती जाने वाली सावधानियों के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए यथा कोहरे में दुश्यता कम होने पर गति सीमा पर नियन्त्रण रखे,अपने वाहनों में मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाये, दृश्यता शून्य होने पर अपने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक रखे तथा वाहन संचालन से पूर्व यह सुनिश्चित कर लें कि वाहन के हेडलाइट,टेललाइट,फॉगलाइट, इन्डीकेटर,बैटरी,टायर तथा वाहन की हीटिगं व्यवस्था आदि सही से कार्य कर रहे है अथवा नहीं? इसके अतिरिक्त यह भी बताया गया कि अपने वाहन के सभी प्रपत्र अद्यतन वैध रखे,अनफिट वाहनों का संचालन किसी भी दशा में न करें एवं बकाया कर ससमय जमा करें।
आरटीओ ने किया एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण,कार्रवाई के दिये निर्देश
