फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आर्य समाज के वैश्विक संगठन सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा दिल्ली के आवाह्न पर 3 मई को अंतरराष्ट्रीय यज्ञ दिवस के अवसर पर जनपद में आर्य समाज से जुड़े सैकड़ों परिवारों व आर्य समाज मंदिरों में एक साथ सामूहिक यज्ञों का आयोजन किया जाएगा। जानकारी जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के मीडिया प्रभारी आचार्य संदीप आर्य ने दी। संदीप आर्य ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति व ऋषियों द्वारा मानव जाति के कल्याण हेतु प्रदत्त एक अनमोल धरोहर है। यह न सिर्फ एक धार्मिक कृत्य है अपितु यह पूर्णतया वैज्ञानिक कृत्य है जो मनुष्यों के साथ-साथ समस्त प्राणियों के लिए कल्याणकारी है। यह मनुष्य तथा प्रकृति के बीच के व्यवहार को संतुलित रखता है। जिससे हमारी लौकिक तथा परलौकिक दोनों ही कामनाओं की उन्नति होती है। परिणामस्वरूप मनुष्य मानसिक तथा शारीरिक रूप से कमजोर होता जा रहा। जिसके कारण हमारा आध्यात्मिक विकास भी प्रभावित हो रहा है। इन्ही बातों को ध्यान में रखते हुए सभी सनातियों को अपनी प्राचीन विधा के महत्व को समझाकर उससे पुन: जोडऩे के लिए आर्य समाज ने इस अभियान को प्रारम्भ किया और प्रत्येक वर्ष 3 मई को विश्व स्तर पर दुनियां के 100 से अधिक देशों में फैले आर्य समाज संगठन के लोग इस आयोजन में बढ़-चढक़र भाग लेते हैं। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान आचार्य चंद्रदेव शास्त्री व मंत्री डॉ0 शिवराम सिंह आर्य ने जिले के सभी आर्य समाजों को निर्देशित किया कि यज्ञ कर कार्यक्रम में भाग लें और सनातियों को प्रेरित करें।
हवन कर मनाये अन्तर्राष्ट्रीय यज्ञ दिवस: संदीप आर्य
