समृद्धि न्यूज। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने तेजी से और बेहद सटीक वार किए थे। पाकिस्तान को उस समझ ही नहीं आ रहा था कि वो आखिर क्या करें। भारत के हमलों से पाकिस्तान बुरी तरह डर गया था। इस बात का खुलासा खुद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने किया है। एक पाकिस्तानी समाचार चैनल से बातचीत में राणा ने कहा कि भारत की तरफ से नूर खान एयरबेस पर ब्रह्मोस मिसाइल दागे जाने के बाद पाकिस्तानी सेना के पास यह विश्लेषण करने के लिए महज 30 से 45 सेकंड थे कि कहीं इन मिसाइलों में परमाणु वारहेड तो नहीं हैं। इसके कारण परमाणु युद्ध का खतरा बढ़ गया था। सनाउल्लाह ने कहा इसका एक पहलू ये है कि पाकिस्तान की सेना यह समझ सकती थी कि इसमें ब्रह्मोस में परमाणु वारहेड है और वह अपनी ओर से भी पहला परमाणु हथियार लॉन्च कर देती। ऐसा होता तो दुनिया में परमाणु जंग छिड़ जाती। पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता सनाउल्लाह ने संषर्घ रुकवाने का श्रेय एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दिया और कहा कि इस मामले में उनकी भूमिका का स्वतंत्र रूप से आकलन किया जाना चाहिए।
राणा सनाउल्लाह ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि जब भारत ने नूर खान एयरबेस पर ब्रह्मोस मिसाइल दागी तो पाकिस्तान की सेना के पास यह पता करने के लिए महज 30 से 45 सेकंड थे कि कहीं ये मिसाइल परमाणु हथियार से लैस तो नहीं है। सिर्फ 30 सेकंड में इस बारे में कुछ भी तय करना एक खतरनाक स्थिति थी।
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कई एयरबेस पर सटीक और घातक हमले किए थे। भारत के हमलों में एयरबेस के रनवे, हैंगर और इमारतों को भारी नुकसान हुआ था। सैटलाइट तस्वीरों से भी इस बात की तस्दीक हुई थी कि पाकिस्तान को सरगोधा, नूर खान चकलाला, भोलारी, जैकबाबादए सुक्कुर और रहीम यार खान एयरबेस पर काफी नुकसान हुआ था।