आगरा: आगरा में मंगलवार सुबह यमुना नदी में नहाने गईं छह लड़कियां डूब गई थीं। चीखपुकार होने पर लोगों ने गोताखोरों की मदद से खोज शुरु की। इनमें चार लड़कियों की डूबने से मौत हो गई थी, जबकि दो लड़कियों को बचा लिया गया और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर बाद दोनों ने भी दम तोड़ दिया।मरने वाली लड़कियों में तीन सगी बहनें, एक चचेरी बहन, एक मौसेरी बहन और एक रिश्तेदार थी। वहीं, आगरा डीएम ने सभी पीडि़त परिवारों को 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने की बात कही है। अब लड़कियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सभी लड़कियां रील बनाते हुए दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, नगला नाथू निवासी सुरेश जाटव अपनी पत्नी पत्नी कांता देवी, पांच बेटियां मुस्कान, दिव्या, संध्या, सलोनी व खुशी के साथ रहते है। मंगलवार को यमुना में डूबने से उनकी तीन बेटियां मुस्कान, दिव्या और संध्या की मृत्यु हो गई। सुरेश जाटव के भाई दिनेश की बेटी नैना की डूबने से मृत्यु हो गई। दो रिश्तेदारों की बेटियां शिवानी और सोनम की भी मृत्यु हुई है। छह बेटियों की मौत से गांव में मातम छाया गया। सभी मृतकों के परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे।
बच्चियों के शव देखकर ग्रामीणों की आंखों से भी आंसू झलक पड़े। मुस्कान की मां कांता देवी, दादी मीना के अलावा चाचा दिनेश, चाची दीपू, बाबी, वर्षा सहित अन्य स्वजन रोते-रोते बेसुध हो गए। इसी के साथ मृतकों के घरों के साथ ही आसपास के घरों में चूल्हे नहीं जले। अब सभी का एक वीडियो सामने आया है, जोकि मरने से पहले बनाया गया है। इस वीडियो में सभी लड़कियां अठखेलियां करते हुए दिखाई दे रही हैं।
आगरा: यमुना नदी में डूबने से एक परिवार की छह लड़कियों की मौत
