उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में आज बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंड बढ़ गई है। दिनभर चल रही हल्की ठंडी हवा ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ और प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही रात और सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी छा सकता है।गोरखपुर, बस्ती, बरेली और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और बिजनौर में ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। शनिवार रात को तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई। देर शाम तेज हवाओं के साथ बारिश भी हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। बिजनौर में पाला पड़ने से खेतों में सफेद चादर बिछी नजर आई। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से शुक्रवार के बीच शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा। पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट आई है, जिसका असर स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। इस मौसम में लोगों को दिनचर्या और पहनावे में सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है। खासतौर पर चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, बरेली और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। इसी बीच मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सुबह और रात के समय वाहन चलाते वक्त फॉग लाइट का उपयोग करें और ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।
