शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र के स्टोर रूम का ताला तोडक़र इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित हजारों का सामान चोरी कर लिया। खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कार्यालय सहायक व अन्य कर्मचारियों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र शमशाबाद जहां बीते दिवस की रात अज्ञात चोरों ने स्टोर रूम का ताला तोड़ा और कमरों में रखे हजारों रुपयों के कीमती इलेक्ट्रानिक विद्युत उपकरण चुराकर फरार हो गए। शमसाबाद थाना पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार शुक्रवार की सुबह कार्यालय सहायक संजय सिंह जब ब्लॉक संसाधन केंद्र पहुंचे और उन्होंने ताला खुलवाया, तो पीछे स्टोर रूम के गेट का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर सामान बिखरा हुआ पड़ा है। घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गयी। अज्ञात चोर पीछे स्टोर रूम का ताला तोडक़र दो बैटरी, दो इनवर्टर, एक स्टेब्लाइजर 10 किलो वॉट, एक आईसीयू लैब, एक टीएफटी एवं एक सीपीयू जो पानी गिरने से खराब हो गया था अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। इस चोरी की घटना में हजारों रुपए का नुकसान हुआ। इस संदर्भ में खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यालय सहायक संजय सिंह, सहायक लेखाकार अनुराग द्विवेदी, पृथ्वीराज, मुनेंद्र सिंह, राकेश कुमार बाथम, कार्यालय ऑपरेटर कृष्णकांत सक्सेना आदि कर्मचारियों ने हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र शमशाबाद थाना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। बताते हैं थाना चौराहे से लगभग 100 कदम की दूरी पर ब्लॉक संसाधन केंद्र शमशाबाद है। यह क्षेत्र आबादी वाला क्षेत्र है। यहां हमेशा चहल पहल रहती है। इसके अलावा पुलिसकर्मी गश्त व्यवस्था की कमान भी संभालते है। फिर भी अज्ञात चोरों ने शमशाबाद थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था को ताक पर रख इलेक्ट्रानिक उपकरण चुराकर हजारों की चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया।
ब्लॉक संसाधन केंद्र के स्टोर रुम से हजारों का सामान चोरी
