महाकुंभ भगदड़ में भटक गई पत्नी, घर में घबराए पति की चली गई जान पत्नी मौनी अमावस्या पर महाकुंभ स्नान के लिए गई थी। भगदड़ की सूचना के बाद से फर्रुखाबाद के विनोद घबरा रहे थे, लेकिन पत्नी पप्पी देवी से संपर्क नहीं हो पा रहा था। उनकी हालत बिगड़ी और जान चली गई।
शमसाबाद। भाई के साथ कुंभ मेले में गईं पत्नी से हादसे के बाद संपर्क न होने से चिंतित पति की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। शाम तीन बजे अस्पताल से शव घर पहुंचा, तब भतीजे ने फोन पर संपर्क साधा। पता चला कि वह कन्नौज पहुंच गई हैं। घर में चीख-पुकार मच गई।थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद निवासी विनोद कुमार अग्निहोत्री (60) की पत्नी पप्पी देवी अपने भाई एटा के अलीगंज थाने के तिसौली गांव निवासी राममोहन के साथ 28 जनवरी को प्रयागराज कुंभ नहाने गई थीं। 29 जनवरी को हादसा होने के बाद पत्नी और साले से विनोद का फोन पर संपर्क नहीं हो सका। इसको लेकर वह रात भर परेशान रहे। सुबह कई बार फोन मिलाया, मगर संपर्क नहीं हुआ। दोपहर करीब 12 बजे उन्होेंने सीने में दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद परिजन उन्हें जिला मुख्यालय निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर चाचा की मौत के बाद शाम को चाची से संपर्क हो गया। उन्होंने किसी के फोन से सकुशल होने की जानकारी दी। वह घर आ रही हैं। रानू ने बताया कि चाचा के दोनों बेटे दिल्ली में नौकरी करते हैं। उन्हें चाचा के निधन की जानकारी दे दी गई है। चाची को इस बारे में कोई जानकारी नही दी गई है।