उन्नाव,समृद्धि न्यूज़। बीघापुर थाना क्षेत्र में एक महिला की जहर खाने से मौत हो गई। 32 वर्षीय सरोजनी साहू ने गुरुवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह थाने पहुंची। जहां परिसर के बाहर एक पेड़ के नीचे बेहोश हो गई। थानाध्यक्ष राजपाल ने महिला को जिला अस्पताल पहुचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सरोजनी की शादी 14 वर्ष पहले ग्राम रामनेर थाना बारासगवर निवासी अवधेश साहू से हुई थी। शादी के आठ महीने बाद ही वह अपने मायके लौट आई थी। उसकी 13 साल की बेटी भी उसके साथ मायके में रहती थी।
बुधवार को सरोजनी की अपनी मां से किसी बात पर कहासुनी हो गई । जिसके बाद मां की डांट से नाराज होकर उसने जहर खा लिया। जहर खाने के बाद वह बीघापुर थाने पहुंची। थाने के बाहर पेड़ के नीचे बेहोश होने पर पुलिस कर्मी उसे एम्बुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष राजपाल के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति और पारिवारिक तनाव घटना के मुख्य कारण हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।