महमदपुर मूसेपुर में फर्जीवाड़ा, कागजों में दिखाया जा रहा काम

सरकारी धन की हो रही लूट
शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। विकास खंड की ग्राम पंचायत महमदपुर मूसेपुर में डामर रोड से मूसेपुर शिव मंदिर तक खड़ंजा के दोनों तरफ पटलों पर मिट्टी का कार्य होना दर्शाया जा रहा है। यह कार्य कागजों में ही चल रहा है। इस कार्य में 5 मस्टरोल दर्शाकर 48 मनरेगा मजदूरों की फर्जी हाजिरी प्रधान ममता देवी द्वारा मनरेगा पोर्टल पर अपलोड कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी गांव में दूसरा कार्य डामर रोड से जयशरण के खेत तक खड़ंजा मार्ग के पटलों पर मिट्टी कार्य दर्शाया जा रहा है। इस कार्य में 6 मस्टरोल दर्शाकर 55 मजदूरों की हाजिरी मनरेगा पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। जब मौके पर जाकर कार्य के संबंध में जानकारी की गई तो पता चला कि यह कार्य सिर्फ और सिर्फ कागजों तक ही सीमित है। सबसे मजेदार बात तो यह है कि इन दोनों कार्यों में 53 महिला मजदूरों की भी फर्जी हाजिरी मनरेगा पोर्टल पर फर्जी तरीके से अपलोड की जा रही है। जब इस संबंध में कार्य करने वाली महिलाओं से बात की गई तो बताया कि प्रधान ममता देवी व रोजगार सेवक महेंद्र सिंह द्वारा फर्जीबाड़ा किया जा रहा। वह कहीं भी मजदूरी करने नहीं जातीं हैं। इस संबंध में जब ग्रामीणों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने आज तक किसी भी मजदूर को इस जगह काम करते हुए नहीं देखा है। एक कार्य के 6 मस्टरोल में एक जैसे ही फोटो अपलोड किए जा रहे हैं। वहीं दूसरे कार्य के 5 मस्टरोल में भी एक जैसे ही फोटो अपलोड कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *