राजेपुर, समृद्धि न्यूज। आमने सामने बाइकों की भिड़ंत में भाजपा नेता का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कनवा बहादुरपुर निवासी 20 वर्षीय आदेश राजपूत पुत्र सुभाष दिल्ली में सिलाई का काम करता था। दस दिन पहले ही घर आया था। परिवार में चाचा, विवेक और ब्रजेश की बेटी की शादी होनी है। उसकी तैयारी चल रही है। मंगलवार को अपनी सगी बहन बबली को बुलाने थाना मिर्जापुर के बिचौला उसकी ससुराल जा रहा था। बदायूं मार्ग पर जरियनपुर के पास बाइक से भिडं़त हो गई। पुलिस ने दोनों बाइक सवार घायलों को सीएचसी जरीयनपुर भेजा, लेकिन आदेश की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रिफर कर दिया गया। जहाँ ईएमओ डॉ0 अभिषेक चतुर्वेदी नें उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता सुभाष ने बताया की आदेश उनकी दूसरी पत्नी मुन्नी देवी का इकलौता पुत्र था। इससे छोटी एक बेटी पम्मी है। पहली पत्नी से एक बेटा और दो बेटियां है। मृतक भाजपा नेता सुरेश राजपूत का भतीजा था। वहीं लोगों का कहना था कि यदि मृतक हेलमेट लगाये होता, तो शायद जान बच सकती थी, क्योंकि उसके सिर में चोट लगी है। उसी से उसकी मौत हुई।
बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
