कमालगंज, समृद्धि न्यूज। तालाब में डूबने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गयी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम पंजू खिरिया निवासी वर्तमान प्रधान सर्वेश के पांच वर्षीय पुत्र विशाल की तालाब में डूबने से मौत हो गई। कल शाम 7.00 बजे लगभग विशाल अपने घर पर था और अपने पिता सर्वेश से खेलने के लिए मोबाइल की मांग की। सर्वेश ने अपना मोबाइल उसे दे दिया। मोबाइल चलाते चलाते बच्चा घर से बाहर निकल गया और प्रधान सर्वेश दूध को डेरी पर देने के लिए चले गए। काफी देर तक जब पुत्र विशाल घर पर नहीं आया, तो वापस लौटने पर विशाल की मां संध्या ने सर्वेश को बताया कि पुत्र अभी तक वापस नहीं आया है। परिजनों के साथ विशाल की खोजबीन प्रारंभ की गई, तो गांव के पास में सर्वेश का मोबाइल पानी पर तैरता हुआ मिला। शक होने पर गांव के लोगों ने तालाब में उतरकर देखा तो विशाल को तालाब से निकाला गया, लेकिन तब तक विशाल की सांसें चल रही थीं। आनन-फानन में विशाल को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विशाल अपनी बहनों में सबसे छोटा इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें शालिनी उम्र 13 वर्ष एवं पल्लवी उम्र 9 वर्ष है।