ग्राम प्रधानों तथा पंचायत सचिव को सडक़ सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

 निकाली गई जागरूकता रैली, ग्राम सडक़ सुरक्षा समिति का गठन करें
ट्रैक्टर-ट्रालियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवायें
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सडक़ सुरक्षा माह के अन्तर्गत एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं खण्ड विकासं अधिकारी त्रिलोक चन्द्र शर्मा द्वारा ब्लॉक मोहम्मदाबाद में ग्राम प्रधानों तथा पंचायत सचिव को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। बैठक में 71 ग्राम प्रधानों तथा पंचायत सचिव ने प्रतिभाग किया। शासन के निर्देशानुसार सडक़ सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जा रहा है। सडक़ सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि यातायात पुलिस से प्राप्त सूचना के अनुसार माह दिसम्बर 2025 तक जनपद में 490 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई हैं जिनमें 284 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि दिसम्बर 2024 तक जनपद में 390 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई थीं, जिनमें 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जनपद में 19 दिसम्बर से 17 जनवरी तक नो हेल्मेट नो पेट्रोल का अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम प्रधान अपने ग्राम में सडक़ सुरक्षा की बैठक करे। सभी ग्रामीणों प्रेरित करें कि किसी भी स्थिति में यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग ना करें, वाहन के प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें, अपनी गति को नियंत्रण में रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। ग्राम प्रधान ट्रैक्टर-ट्राली में रिफ्लेक्टर अवश्य लगवायें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। एआरटीओ ने राह-वीर योजना की जानकारी दी। सभी को सडक़ सुरक्षा जागरुकता की शपथ दिलायी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *