आरोपी सिपाही का मोबाइल मिला यमुना किनारे
फर्रुखाबाद/बांदा, समृद्धि न्यूज। बांदा के मरका कस्बे में एक सिपाही ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी व तीन साल की बेटी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी के वार से बेटी की मौत हो गयी, जबकि पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी सिपाही मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायल महिला को अस्पताल भिजवाया गया। जहां हालत बिगडऩे पर रेफर कर दिया गया। पुलिस को जांच के दौरान आरोपी का मोबाइल यमुना नदी किनारे मिला है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद के थाना मऊदरवाजा के ग्राम कुंइयाबूथ निवासी सिपाही गौरव कुमार वर्तमान में बांदा के मरका थाने की डायल 112 वाहन में चालक के पद पर तैनात है। वह थाने से एक किमी दूर कस्बे के एक किराये के मकान में 32 वर्षीय पत्नी शिवानी व तीन वर्षीय बच्ची परी के साथ रहता है। बुधवार दोपहर वह अपनी पत्नी व बच्ची को लेकर कस्बे में आयोजित मकर संक्रांति मेला दिखाने ले गया था। वहां से लौटने के बाद रात में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके करीब नौ बजे सिपाही ने कुल्हाड़ी से पत्नी व बेटी पर हमला कर दिया। आरोपी ने वार कर पत्नी व बच्ची को लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी दौडक़र मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला को गंभीर अवस्था में कानपुर रेफर किया गया है। घटना के संबंध में सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया है कि दोनों के बीच घरेलू बातों को लेकर रोजाना विवाद होता था। आपसी बातों के झगड़े में सिपाही ने हमला किया है। पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी सिपाही का मोबाइल फोन यमुना नदी किनारे मिला है। नदी में उसकी खोजबीन कराई जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
बांदा: सिपाही ने पत्नी-बेटी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मासूम की मौत
