सूने घर से चोरों ने पार किये जेवरात व नकदी

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। शातिर चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवर और बच्चों की गुल्लक चोरी कर ली। गृहस्वामी अपनी पत्नी व बच्चों के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला सधवाड़ा निवासी आलोक पुत्र नरेश चंद्र अपनी पत्नी के साथ मंगलवार शाम मोहल्ला छपट्टी स्थित अपनी ससुराल एक कार्यक्रम में गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोडक़र घर में प्रवेश किया। चोरों ने सोने का हार सेट, पांच अंगूठी, मंगलसूत्र और जंजीर सहित लाखों रुपये के जेवरात चुरा लिए। पीडि़त आलोक ने बताया कि चोर उनके बच्चों की गुल्लक भी ले गए। जिसमें लगभग 25 हजार रुपये नकद रखे थे। ज्वेलरी का सामान एक स्टील के पीपे में ताला लगाकर रखा था। जिसे चोरों ने तोड़ दिया। बुधवार सुबह जब आलोक अपनी पत्नी के साथ घर लौटे, तो उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ देखा। घर में चोरी देखकर वे भौंचक्के रह गए। इसी मोहल्ले में निवासी राघव गर्ग के मकान पर भी बाहर से ताला लगा हुआ था। चोरों ने उनके घर का ताला भी तोड़ दिया, लेकिन किसी की आहट पाकर वे चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे पाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह ने बताया कि मौके का मुआयना किया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *