आखिरी मैच में लगे 36 छक्के, 4 ओवर में हुआ इतना बुरा हाल, अर्शदीप-बुमराह चर्चा में

समृद्धि न्यूज। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। ये मैच जसप्रीत बुमराह के करियर का सबसे खराब मैच साबित हुआ। इस मुकाबले में उन्होंने जमकर रन खर्च किए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में क्रिकेट इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड बने। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 271/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन ही बना सकी। भारत ने यह मुकाबला 46 रनों से जीत लिया। इस मैच में छक्कों की बारिश, बड़े व्यक्तिगत स्कोर और गेंदबाजों के महंगे स्पेल चर्चा का केंद्र रहे। बुमराह ने इस मुकाबले में 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 58 रन लुटाए और कोई विकेट नहीं लिया। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर में अब तक के सबसे महंगे आंकड़े है। इससे पहले उनका सबसे खराब प्रदर्शन बिना विकेट लिए 50 रन खर्च करने का था, जो 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैदराबाद में आया था। वहीं, इस सीरीज में बुमराह ने सबसे ज्यादा छक्के (6 छक्के) भी दिए, जो उनके लिए एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले एशिया कप 2025 में उन्होंने 5 छक्के लुटाए थे। इस मैच में उन्होंने अपने करियर का सबसे महंगा ओवर भी फेंका। पारी के 14वें ओवर में उन्होंने 22 रन खर्च किए। यह ओवर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों डैरिल मिचेल और बेवोन जैकब्स ने अच्छे से खेला, जिसमें 4, 6, 6, 1, 4, 1 जैसे शॉट्स आए। यह टी20 इंटरनेशनल के एक ओवर में बुमराह की ओर से दिए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले उनका सबसे महंगा ओवर 20 रन का था, जो 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ आया था, इसी सीरीज में उन्होंने एक और ओवर में 19 रन भी लुटाए थे। वहीं अर्शदीप सिंह ने पांच विकेट जरूर झटके, लेकिन उन्होंने 51 रन भी लुटाए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का सबसे महंगा फाइव-विकेट हॉल बन गया। दिलचस्प बात यह रही कि उनके पहले दो ओवर बेहद महंगे रहे, जबकि आखिरी दो ओवरों में उन्होंने शानदार वापसी की। इस मैच में ईशान किशन के 103 रन और अर्शदीप सिंह के पांच विकेट के साथ भारत ने चौथी बार यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल की, जब एक ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100+ व्यक्तिगत स्कोर और 5़+ विकेट हॉल हुआ। भारत के अलावा किसी टीम ने इतनी बार ऐसा नहीं किया है यानी भारत से ज्यादा किसी टीम के लिए चार बार एक मैच में 100़+ रन और फाइव विकेट हॉल नहीं बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *