योगी आदित्यनाथ की एनकाउंटर पर दो टूक, पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए

लखनऊ, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ ने एनकाउंटर पर कहा कि पुलिस गोली नहीं चलाएगी तो क्या गोली खाएगी? उन्होंने कहा कि यदि अपराधी के पास गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो हमने पुलिस को इसी लिए पिस्तौल दी है कि अपराधी उसका सामना करे। लखनऊ में यूपी फार्मा कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती जरूरी है। यूपी में निवेश बढ़ा है और कानून-व्यवस्था अब मजबूत हुई है। सीएम योगी ने कहा कि हम लोगों ने तय किया कि जीरो टॉलरेंस हर एक व्यक्ति पर लागू होगा, यदि अपना व्यक्ति ही गलत करेगा तो उस पर भी वही कानून लागू होगा जो माफिया अपराधियों पर लागू होगा।

कोई अपना पराया नहीं होगा, जब हम लोगों ने कार्रवाई की तो कानून के दायरे में करने का प्रयास किया गया। सीएम योगी ने कहा लेकिन, कई बार होता है कि जब सामने वाला कानून से भयभीत नहीं है तो उसे कानून के दायरे में लाकर कानून की भाषा में समझाना तात्कालिक परिस्थित हो जाती है। फिर लोग टिप्पणी करते है कि पुलिस ने गोली क्यों मार दी। अब पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए, यदि अपराधी के पास गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो हमने पुलिस को इसी लिए पिस्तौल दी है कि वह उसका सामना करे, उन्होंने कहा कि वो जिस भाषा में समझे उसमें समझाया जाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2012 से 2017 के बीच 900 से ज्यादा दंगे हुए, एक भी शहर ऐसा नहीं था जहां कफ्र्यू न लगा हो, उन्होंने कहा कि उस समय ऐसा कोई उद्यमी, डॉक्टर या बिजनेसमैन नहीं होगा जिसने गुंडा टैक्स न दिया हो, उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जब प्रधानमंत्री और हमारी पार्टी ने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी, तो हमें इस चुनौती का सामना करना था। उन्होंने कहा कि हर नागरिक में विश्वास भी जगाना था। वहीं सीएम योगी ने कहा, यूपी को अब तक 50 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। बेरोजगारी दर में यूपी सबसे न्यूनतम स्तर पर है। आज हमारे पास लैंड बैंक भी है। जब सभी लोग प्रयास करेंगे तो परिणाम आएंगे। हमने ललितपुर में प्रदेश के पहले फार्मा पार्क के लिए लैंड अधिग्रहण की। पार्क के विकास के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। उत्तर प्रदेश में सेंटर लेवल की लैबोरेट्री पहले से मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *