नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। विद्युत विभाग ने शुक्रवार को नवाबगंज क्षेत्र के गांव खिनमिनी में बिजली बिल राहत शिविर लगाया। इस दौरान विभाग ने समाधान योजना के तहत लगभग 50000 रुपये का राजस्व एकत्र किया। शिविर में 46 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 14 उपभोक्ताओं ने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना का लाभ उठाया।
यह शिविर बिजली बिल राहत योजना के तहत आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य बकाया बिलों की वसूली करना और उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करना था। समाधान योजना के माध्यम से विभाग ने यह राजस्व एकत्र किया। शिविर में उपस्थित नोडल अधिकारी गोपाल मिश्रा ने सरकार द्वारा संचालित योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल के ब्याज में शत-प्रतिशत 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त मूल बकाया राशि में भी 20 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है। शिविर के सफल आयोजन में नोडल अधिकारी गोपाल मिश्रा के साथ वीर सिंह, गौरव सिंह, प्रमोद कुमार, प्रदीप कुमार, मंजेश कुमार और हुकुम सिंह सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि बकाया भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
विद्युत शिविर में 50 हजार जमा हुआ राजस्व, 46 के कटे कनेक्शन
