कचहरी बनी छावनी, कई थानों की तैनात रही फोर्स
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गैंगेस्टर एक्ट में गिरफ्तार माफिया अनुपम दुबे के भाई बब्बन व डब्बन सहित छह आरोपियों को शुक्रवार को मेडिकल के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर एसपी की मौजूदगी में पूरी कचहरी छावनी में तब्दील रही।
माफिया अनुपम दुबे के ब्लॉक प्रमुख भाई अमित दुबे बब्बन, अनुराग दुबे डब्बन पुत्रगण स्व0 महेश चंद्र दुबे, विनीत दुबे उर्फ वीनू पुत्र राधाकृष्ण दुबे निवासीगण सहसापुर मोहम्मदाबाद, महेंद्र कटियार पुत्र स्व0 रमेश चंद्र कटियार निवासी अल्लाहनगर बढ़पुर, धर्मेंद्र चतुर्वेदी उर्फ पप्पू चौबे स्व0 बालकराम निवासी अलावलपुर मोहम्मदाबाद, आदेश सिंह पुत्र श्रीकृष्ण निवासी सहरा बिछवा मैनपुरी को पुलिस ने गैंगेस्टर के मामले में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार सुबह पुलिस ने सभी का लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश करने के लिए ले जाया गया। इस दौरान कचहरी में कई थानों की पुलिस तैनात रही। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया मऊदरवाजा थाने में माफिया अनुपम दुबे जो गैंग का सरगना है, उसके सहित 11 नामजद अभियुक्तों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इनमें से 6 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली गई है। इनको न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गैंगचार्ट को जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन की बैठक के बाद अनुमोदित किया गया। उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिला जज की अनुमति के बाद गैंगेस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश विशेष गैंगेस्टर एक्ट न्यायाधीश दीपेंद्र कुमार ने गैंगेस्टर के मामले में तीस दिन की रिमांड मंजूर कर जेल भेज दिया।
माफिया अनुपम दुबे के भाइयों सहित छह आरोपी न्यायालय में पेश
