केंद्रीय विद्यालय में मनाया गया ग्रैंडपेरेंट्स डे

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ में दादा-दादी ,नाना-नानी दिवस ( ग्रैंडपेरेंट्स डे) बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति सम्मान, प्रेम और पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझाना था। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों की मुस्कुराहटों से जीवंत हो उठा।
विद्यालय के प्राचार्य विक्की अरोरा,उप-प्राचार्य बिरम पाल सिंह, प्रधानाध्यापिका संध्या मिश्रा तथा समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत से हुआ। नन्हे विद्यार्थियों ने कविता, नृत्य, गीत और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अपने दादा-दादी एवं नाना- नानी के प्रति प्रेम और आभार व्यक्त किया साथ ही विद्यालय मे उनके लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें बेहद उत्साह के साथ सभी ने प्रतिभाग कर अपने बचपन के दिनों की यादों को ताज़ा किया, पूरे कार्यक्रम को सभी उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।

प्राचार्य  ने कहा कि दादा-दादी,नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर होते हैं, जिनके अनुभव और संस्कार बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं इसी कड़ी मे आगे जोड़ते हुए प्रधानाध्यापिका संध्या मिश्रा ने भी बच्चों को अपने बड़ों का सम्मान करने और उनसे सीख लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी,नाना-नानी को धन्यवाद कार्ड एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए। पूरे आयोजन ने विद्यालय परिवार और अभिभावकों के बीच आत्मीयता और सहयोग की भावना को और सुदृढ़ किया। यह दिन सभी के लिए यादगार और भावनात्मक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *