मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक महाविद्यालय को मिला प्रशंसा प्रमाण पत्र

पूर्व सैनिक सम्मेलन में कैम्प लगाकर किया गया उपचार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक महाविद्यालय को राजपूत रेजीमेंटल सेंटर फतेहगढ़ द्वारा प्रशंसा प्रमाण पत्र दिया गया।
राजपूत रेजिमेंटल सेंटर फतेहगढ़ में पूर्व सैनिक तथा उनके स्वजनों हेतु नि:शुल्क चिकित्सा शिविर सहित अन्य सुविधाओं से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 स्टॉल लगाए गए। जिनमें 20 से अधिक चिकित्सा स्टॉल शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त सैनिकों एवं उनके परिजनों को विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। मेजर एसडी सिंह स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और पूर्व सैनिकों व उनके परिवारजनों को समर्पित चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। महाविद्यालय के शिक्षण संकाय एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने चिकित्सा शिविर में सक्रिय रूप से भाग लिया तथा 150 से अधिक रोगियों को परामर्श एवं नि:शुल्क उपचार प्रदान किया। साथ ही, संस्थान की ओर से आवश्यकतानुसार 25 रोगियों को नि:शुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर एम0 मिशेल डीसूज़ा कमांडेंट राजपूत रेजिमेंटल सेंटर रहे। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त सैनिकों को देश की सेवा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ0 नीतूश्री ने अपने वक्तव्य में वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आयुर्वेद के अनुसार स्वास्थ्य की परिभाषा बताते हुए स्पष्ट किया कि वृद्धावस्था में वात दोष की प्रधानता किस प्रकार स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। साथ ही, वात दोष को नियंत्रित करने के उपायों एवं कुछ उपयोगी आयुर्वेदिक औषधियों की संक्षिप्त जानकारी भी दी। चिकित्सा शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डा0 रीता सिंह, मनोविज्ञान विशेषज्ञ डॉ0 मधु रंजन, सामान्य चिकित्सक डॉ0 रुमा डे, नेत्र रोग एवं ईएनटी विशेषज्ञ डा0 जिनूप पी, तथा स्त्री रोग एवं प्रसूति तंत्र विभाग से डा0 निशिता एवं डॉ0 प्राची ने महिला रोगियों को विशेष परामर्श प्रदान किया। शल्य तंत्र विभाग से डॉ0 अनल, डॉ0 रवि राव एवं डा0 रविश ने शल्य संबंधी परामर्श दिया। रोगियों को नि:शुल्क औषधियां उपलब्ध कराने हेतु फार्मासिस्ट चंद्रभान उपस्थित रहे। संचालन डा0 नीतूश्री के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर एम0 मिशेल डीसूज़ा ने सभी सहभागी चिकित्सकों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को उनके सराहनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *