कायमगंज, समृद्धि न्यूज। दरोगा का हिस्ट्रीशीटर से शराब मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा जगदीश वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है।
कायमगंज कोतवाली में तैनात दरोगा जगदीश वर्मा का बीते दिन एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें दरोगा जगदीश वर्मा इलाके के एक हिस्ट्रीशीटर से बात कर रहे थे। शुरुआत में बातचीत टीन शेड और अवैध निर्माण रुकवाने को लेकर हुई। हालांकि बाद में दरोगा ने कथित तौर पर हिस्ट्रीशीटर से 20 क्वार्टर शराब पौआ की मांग कर दी। एक पुलिस अधिकारी द्वारा एक अपराधी से शराब मंगवाने को लेकर इतनी देर तक चर्चा करना हैरान करने वाला था। दरोगा जगदीश वर्मा के लिए यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह अपने सेवाकाल के अंतिम चरण में थे। उनका रिटायरमेंट 31 मार्च को होना है और उनके सेवाकाल के केवल 42 दिन शेष बचे थे। सेवा पूरी होने से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने पुलिस विभाग में भी हलचल मचा दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि ऑडियो वायरल करने वाला व्यक्ति एक शातिर अपराधी है। जिस पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। एसपी आरती सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दरोगा को लाइन हाजिर किया गया है और मामले की विभागीय जांच जारी है।
ऑडियो वायरल होने के बाद दरोगा पर गिरी गाज, लाइनहाजिर
