जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, दिये आवश्यक निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कंपिल नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, कर वसूली की स्थिति, जन्मदृमृत्यु पंजीकरण, निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, 15वें वित्त तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। डीएम ने कार्यालय में संचालित जनसुनवाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कर वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने नगर पंचायत कार्यालय कम्पिल का किया निरीक्षण
