अमृतपुर, समृद्धि न्यूज़। थाना अमृतपुर क्षेत्र के फर्रुखाबाद-बदायूं रोड पर गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे बाबूजी फैमिली ढाबा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या UP76AU8364 (हीरो स्प्लेंडर) ग्राम नगला हूसा से अमृतपुर कस्बे की ओर जा रही थी। इसी दौरान राजेपुर की ओर से आ रही मोटरसाइकिल संख्या DL12SB4172 (पैशन) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
दुर्घटना में पैशन बाइक चालक कमलेश पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम सेमर झाला थाना मुंडेर जनपद हरदोई तथा हीरो स्प्लेंडर चालक शिवा पुत्र गंगा बख्श निवासी ग्राम नगला हूसा थाना अमृतपुर जनपद फर्रुखाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार कमलेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि के लिए कमलेश को भी उपचार हेतु डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल शिवा का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर स्थिति सामान्य रही। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
