पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर की जांच पड़ताल चोर पड़ोसियों के बाहर से कुंडी लगाकर हुए फरार

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। ससुराल गये कपड़ा व्यापारी के घर चोरों ने ताला तोड़कर हजारों की नगदी व सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिये। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाये। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सितवनपुर पीठू निवासी संदीप कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह हाल निवासी कस्बा नवाबगंज बबना रोड की कस्बे में कपड़े की दुकान है। संदीप की पत्नी रेनू गांव सलेमपुर दूंदेमई स्थित विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात है। पीडि़त संदीप के मुताबिक मंगलवार को बाजार बंदी होने पर वह अपनी पत्नी को स्कूल छोडऩे गया था। स्कूल से दो किलोमीटर गांव भाटासा में ससुराल है। जहां से फोन आने पर स्कूल की छुट्टी होने के बाद पत्नी को लेकर वहीं रुक गया। घर पर ताला लगा हुआ था। बीती रात अज्ञात चोरों ने पीछे से खेतों की तरफ से पड़ोसी के पानी वाले पाइप लाइन का पाइप तोड़कर उसके पीछे का गेट का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुस गये। अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर एक सोने की चेन, १ जोड़ी पायल, बच्चों के गले में पहनने वाली हाय सोने की, सोने की अंगूठी, नथुनी व ४० हजार रुपये की नगदी चोर चोरी कर ले गये। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह पड़ोसी जागे तो ताले टूटे पड़े थे तो इसकी सूचना गृहस्वामी को दी। सूचना मिलते ही पीडि़त संदीप अपनी पत्नी के साथ आनन-फानन में घर पहुंचा तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये और जांच पड़ताल की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाये। थानाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, घटना का जल्द खुलासा किया जायेगा। खबर लिखे जाने तक पीडि़त ने घटना के संदर्भ में पुलिस को तहरीर नहीं दी थी। सूत्रों की माने तो बीती चोरी करने के बाद चोर सभी पड़ोसियों की बाहर से कुंडी लगाकर चले गये थे। सुबह जब पड़ोसियों ने गेट खोला तो कुंडी बाहर से बंद थी। सभी ने चीखपुकार मचायी तो कुछ दूरी पर बने मकानों से लोग बाहर निकल आये और लोगों के घर के बाहर से लगी कुंडियों को खोला।
