
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय महरुपुर सहजू तथा प्राथमिक विद्यालय महरुपुर का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालय में डीआईओएस नरेन्द्र पाल सिंह ने शिक्षण कार्य तथा एमडीएम की जांच पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान डीआईओएस के साथ कम्प्यूटर सेल प्रभारी नवनीत भारद्वाज सहायक के रुप में मौजूद रहे।
शासन के निर्देश पर चल रही माध्यमिक तथा परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के क्रम में शुक्रवार को डीआईओएस ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय महरुपुर सहजू में 10:30 बजे औचक निरीक्षण किया। जहां एमडीएम संचालित मिला। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निर्देशित किया कि बच्चों को भोजन के समय खाने में प्रयुक्त होने वाले पोषक वस्तुओं का महत्व बताया जाये। यहां शिक्षण कार्य व अन्य व्यवस्थायें सुव्यवस्थित मिली। प्राथमिक विद्यालय महरुपुर सहजू में डीआईओएस ने 11 बजे निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कक्षायें विधिवत संचालित मिली। प्रधानाध्यापिका पारुल ने बताया कि 176 के सापेक्ष 128 बच्चे उपस्थित है। कक्षा 2 में डीआईओएस ने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा, बच्चों ने बताया कि 17 अगस्त को एसआरजी द्वारा एक्टिविटीज बढ़ायी गई।
