शमशाबाद के युवक की चेन्नई में कंटेनर के अंदर मौत

घटना से पूर्व चालक ने सीने में दर्द होने की परिजनों को दी थी जानकारी
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। कंटेनर में फ्रिज लोडकर चेन्न्नई जा रहे चालक की अचानक रास्ते सीने में दर्द उठने से मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम रजलामई निवासी ३० वर्षीय रूपेंद्र गंगवार पुत्र वीरेंद्र सिंह गंगवार कंटेनर चलाता था। बीते दिन दिल्ली से फ्रिज लोड कर अपने गांव रजलामई आ गया था। वह कंटेनर लेकर चेन्नई जा रहा था। परिजनों ने बताया कि चेन्नई से लगभग ३० किलो मीटर पूर्व रुपेन्द्र के अचानक सीने में दर्द उठा। जिसकी सूचना उसने फोन पर परिजनों को दी। जिस पर परिजनों ने गैस बन जाने की आशंका जताते हुए कहा कि कोल्डड्रिंक पी कर देखो, नहीं आराम मिले तो दवा लो। परिजनों की सलाह पर उसने कोल्डड्रिंक ली। उसके बाद परिजनों ने जब फोन पर जानकारी करनी चाही, लेकिन उसका फोन बजता रहा। बात न होने पर परिजन चिंतित हो गये। कई जगह सम्पर्क किया जब पता नहीं चला तो ट्राफिक पुलिस से सम्पर्क कर पूरी जानकारी दी। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर ट्राफिक पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया। खिडक़ी बंद होने पर उसे तोड़ा गया तो देखा कि उसके अंदर चालक अचेतावस्था में पड़ा है। जिसे बाहर निकाला गया। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई। ट्राफिक पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शव लेने के लिए परिजन चेन्नई के लिए रवाना हो गये। ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने बताया कि मृतक कुछ दिन पूर्व दिल्ली से फ्रिज लोडकर आया था और उसके बाद वह चेन्नई के लिए कंटेनर लेकर निकल गया था। मृतक की पत्नी सुमन, पुत्र शिवा, पुत्री खुशी आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *