
आयुष्मान भव अभियान की दी जानकारी, गिनाई सरकार की उपलब्धियां
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आयुष्मान भव अभियान के अन्तर्गत सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रपति ने वर्चुअल के माध्यम से १३ सितम्बर को किया था। इसी अभियान के तहत सांसद मुकेश राजपूत ने प्रदेश व केंद्र सरकार के कामों की सराहना करते हुए इस योजना के बारे में विस्तार से बताया।
कलेक्टे्रट सभागार में वार्ता के दौरान सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान में समस्त चिकित्सकीय इकाईयों जैसे जिला चिकित्सालय, सामु0स्व0केंद्र0, प्रा0स्वा0केंद्र (ग्रामीण व शहरी), हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर (ग्रामीण व शहरी) में साफ-सफाई व कायाकल्प किया जायेगा। संक्रमण रोकथाम व बचाव से अवगत भी कराया जायेगा। रक्तदान महादान योजना के तहत विभिन्न संस्थाओं द्वारा स्वैच्छिक ब्लड डोनेशन कैम्प का आयोजन किया जायेगा। जिसको ई-रक्तकोष पोर्टल पर अपडेट किया जायेगा। अंगदान शपथ योजना समस्त जिला मुख्यालयों, चिकित्सालयों, ग्राम सभाओं, स्कूल-कॉलेज, दफ्तरों में अंगदान, महादान की शपथ ली जायेगी। आयुष्मान आपके द्वार-३.० में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराये जायेंगे तथा नये आयुष्मान कार्ड बनाये जायेगे। आयुष्मान मेला के तहत प्रथम सप्ताह, द्वितीय सप्ताह, तृतीय सप्ताह व चौथे सप्ताह को जानकारियां दी जायेगी। वहीं आयुष्मान सभा:- विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी हेतु २ अक्टूबर को ग्राम/वार्ड स्तर पर आमसभा का आयोजन किया जायेगा। आयुष्मान सभा में गैर संचारी रोगों के बारे में जानकारी नियमित टीकाकरण एवं क्षय रोगों के बारे में जानकारी दी जायेगी। आयुष्मान ग्राम: आयुष्मान ग्राम में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने वाले गांव को ही आयुष्मान ग्राम घोषित किया जायेगा। प्रत्येक ५ साल की आयु से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण व आभा आईडी बनाना, ३० वर्षीय से अधिक आयु के व्यक्तियों की डायबटिज व उच्च रक्तचाप की जांच, क्षय रोगियों से संबंधित रोगियों की जांच उपचार किया जायेगा। वार्ता के दौरान जब सांसद से पूछा गया कि पूर्ण रुप से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है तो बोले जांच करायेगे, लेकिन किसी भी सवाल का सांसद जबाव नहीं दे पाये। सिवाये सरकार का गुणगान करने के अलावा। इस दौरान विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर, जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता, एडीएम, मुख्य चिकित्साधिकारी आदि मौजूद रहे।
