फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय तथा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अवकाश के लिये मोबाइल एप पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिस पर स्वीकृत भी संबंधित अधिकारी द्वारा एप के माध्यम से दी जायेगी।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनन्द के अवकाश के संबंध में की गई गयी व्यवस्था से अब शिक्षकों व कर्मचारियों को प्रधानाचार्य व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के चक्कर नहीं काटना पड़ेगे। ऑनलाइन अवकाश की व्यवस्था बेसिक शिक्षा परिषद में पहले से लागू है, अब यह व्यवस्था माध्यमिक शिक्षा विभाग में ही लागू की जा रही है। ऑनलाइन अवकाश हेतु मोबाइल एप को मानव संपदा पोर्टल से लिंक कर दिया गया है। अभी तक माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अवकाश के लिए प्रधानाचार्य को और प्रधानाचार्य को जिला विद्यालय निरीक्षकों को प्रार्थना देना पड़ता था। उसके पश्चात अवकाश स्वीकृत हेतु संबंधित को जिला विद्यालय निरीक्षक एवं विद्यालय प्रबंधक के चक्कर लगाने पड़ते थे। इस समस्या को स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने अब समाप्त कर दिया है। उन्होंने मोबाइल एप से अवकाश स्वीकृत की व्यवस्था लागू किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अवकाश हेतु अब मोबाइल में एप इंस्टाल करने तथा उसी से आवेदन किये जाने के सभी विद्यालयों को निर्देश जारी किये।
