
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भूमाफियाओं को अनुचित लाभ पहुंचाने वाले रिटायर्ड कानूनगो को थाना मऊदरवाजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर थाना मऊदरवाजा पुलिस ने मुकदमे में वांछित रिटायर्ड कानूनगो जाहर सिंह पुत्र स्व0 रामदीन निवासी मोहल्ला सुभाष नगर बजरिया थाना मऊदरवाजा जनपद फतेहगढ़ को मोहल्ला सुभाष नगर से गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि २७ अगस्त २०२० को भू माफियाओं के विरुद्ध थाना मऊदरवाजा पर अ0सं0 ३६८/२०२० धारा ४२०, ४६७, ४६८, ४७१ भा0द0वि0 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें भूमाफियाओं द्वारा राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर आर्थिक व भौतिक लाभ आर्जित किया जा रहा था। इसके संबंध में अभियोग उपरोक्त में ग्राम तेरा, परगना मोहम्मदाबाद से संबंधित गाटा संख्या-६६४ रकवा ९ एकड़ के संबंध में अभियुक्तगण द्वारा फर्जी व कूटरचित आदेश चकबंदी अधिकारी फतहेगढ़ का वाद संख्या २२४/२००२ को प्रदर्शित करते हुए तथा तहसील सदर में नामान्तरण रजिस्टर में अभियुक्तों द्वारा सांठगांठ कर नामान्तरण रजिस्टर का पृष्ठ बदलकर अलग से पृष्ठ चस्पा कर अभियुक्तों द्वारा जमीन अपने नाम दर्ज करायी गयी थी। इसके उपरांत चकबंदी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अभियुक्तगण द्वारा खतौनी में नामदर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था तथा आदेश फर्जी पाये जाने के कारण दिनांक २७ अगस्त २०२० को थाना मऊदरवाजा पर अ0सं0 ३६८/२०२० धारा ४२०, ४६७, ४६८, ४७१ भा0द0वि0 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसके उपरांत गहनता से हुई विवेचना के अनुक्रम में अभियुक्त रिटायर्ड कानूनगो जाहर सिंह पुत्र स्व0 रामदीन निवासी मोहल्ला सुभाष नगर बजरिया थाना मऊदरवाजा जनपद फतेहगढ़ तत्कालीन रजिस्ट्रार कानूनगो का नाम अभियुक्त के रुप में प्रकाश में आया।
