डीएम ने पूजा अर्चना कर मड़ैयन घाट पुल के निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। लम्बे इंतजार के बाद कमालगंज व जनपद हरदोई को जोडऩे वाले मड़ैयन घाट पुल का निर्माण जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने पूजा अर्चना कर शुरु करा दिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं मानकों को ध्यान में रखने के निर्देश दिये हैं। कमालगंज क्षेत्र के महमदगंज मढ़ैयनघाट गंगा नदी तट पर पक्का पुल निर्माण कार्य बुधवार से शुरू हो गया। साढ़े 7 मीटर चौड़ा पुल 1825 मीटर यानि करीब 2 किलोमीटर लंबा होगा। पुल के अलावा 400 मीटर लंबा पहुंच मार्ग भी 7.5 मीटर चौड़ा रहेगा। पहुंच मार्ग पुल से 200 मीटर कमालगंज की ओर अप्रोच के रूप में सडक़ से आकर मिलेगा तथा 200 मीटर तेरा अकबरपुर हरदोई की ओर होगा। पुल निर्माण से हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली आदि जिलों के लोगों का आवागमन सुगम होने के साथ ही व्यापार में भी सहायता मिलेगी। वहीं दूसरी ओर जनपद फर्रुखाबाद के अलावा कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात के अलावा मध्य प्रदेश की सीमा को भी इसी रास्ते से जोड़ा जाएगा। अभी तक इन क्षेत्रों के लोग फर्रुखाबाद के पांचालघाट तथा कन्नौज से ही हरदोई, शाहजहांपुर व बरेली जाते थे। इससे लोगों को सैकड़ों किलोमीटर की दूरी भी तय करनी पड़ती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *