रात गुजारने आयी युवती के प्रेमी ने चाकू से गोदकर अधेड़ को मौत के घाट उतारा

पहले मृतक की बहन को जान से मारने का प्रयास
प्रेमिका से हो रही पूछताछ, हत्यारोपी भी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अधेड़ महिला के घर रात गुजारने आयी युवती के प्रेमी ने महिला पर जानलेवा हमला कर भाई की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और मौक से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के लिए प्रेमिका व हत्यारोपी युवक के पिता को हिरासत में ले लिया और कुछ घंटों के अंदर ही हत्यारोपी प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया।
घटना कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र चौकी से कुछ दूरी पर घटित हुई। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के भोलेपुर रेलवे क्रासिंग के निकट ज्योति शर्मा पत्नी स्वर्गीय दीपक शर्मा रहतीं है। उनके साथ में उनकी 22 वर्षीय पुत्री मानसी व 26 वर्षीय पुत्र विशाल भी रहता है। ज्योती का अविवाहित 50 वर्षीय भाई पप्पू पुत्र रामसेवक भी रहता है। उसने घर में कपड़े और परचून की दुकान खोल रखी है। बीती रात ज्योति की पुत्री मानसी की दोस्त नूर निवासी कासिम बाग अपने प्रेमी वैभव गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता निवासी बूरावाली गली के साथ पहुंची और रात में घर में रुकने की बात कही। जिस पर ज्योति ने अनुमति दे दी। ज्योति से प्रेमी युवक ने गुटखा मांगा, जब ज्योति गुटखा देने जा रही थी, तभी उसके घर में रुके युवक ने ज्योति के गले में मफलर से गला कसकर मारने का प्रयास किया। बहन की आवाज सुनकर पप्पू जब पहुंचा तो आरोपी युवक ने चाकू से ज्योति के गले पर हमला कर दिया। बचाने आये भाई पप्पू को भी चाकू से हमला कर मरणावस्था में छोडक़र भाग गया। चीखपुकार की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग आ गये। कुछ दूरी पर कर्नलगंज चौकी में सहायता के लिए सूचना देने पहुंचे लोगों ने बताया कि वहां ताला लगा था कोई था नहीं। फोन से फिर इसकी सूचना पुलिस के आलाधिकारियों को दी गयी। घायलों को किसी तरह लोहिया पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला का उपचार शुरु कर दिया। पुलिस ने प्रेमिका व आरोपी के पिता को हिरासत मेें लेकर पूछताछ शुरु कर दी। इस घटना के संदर्भ में विशाल शर्मा पुत्र स्व0 दीपक शर्मा निवासी भोलेपुर ठाकुरद्वारा मंदिर के निकट ने दी तहरीर में दर्शाया कि वह पांच साल से अपनी पत्नी के साथ मसेनी चौराहे के पास अपनी ससुराल में रह रहा है। १६ दिसंबर को रात्रि २ बजे मेरी मां ज्योति ने फोन कर मुझे बताया कि जल्दी आओ तुम्हारे मामा का गला काट दिया गया है। मेरे मामा अजय शर्मा उर्फ पप्पू उम्र ५० वर्ष जो मेरी मां के साथ लगभग ६ साल से घर में रह रहे हैं। मैंने देखा कि वह घायल थे और उनके शरीर पर काफी चोटें थीं और मेरी मां भी घायल थी उसके भी चोटें थीं। उस समय वहां मौके पर नाइदा उर्फ नूर पुत्री मुश्ताक अली निवासी शीशमबाग कोतवाली फतेहगढ़ थी। दोनों लोगों ने बताया कि वैभव गुप्ता ने ही जान से मारने की नियत से मेरी मां व मेरे मामा की हालत की है। लोहिया अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मेरे मामा की मौत हो गयी। पुलिस ने भांजे की तहरीर पर वैभव गुप्ता के विरुद्ध धारा ३०२, ३०७, ४५२ आई.पी.सी. के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दविश दी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना के समय पुलिस चौकी में लटक रहा था ताला
फर्रुखाबाद। बढ़ रहे अपराध को देखते हुए उन पर अंकुश लगाने के पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना व चौकियों को निर्देश दे रखे हैं कि वह अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहें। एसपी विकास कुमार ने यह भी निर्देश दिये हैं कि सभी पिकेट पर मौजूद रहें और २ बजे से पहले कोई अपना प्वाइंट न छोड़ें और जब वह वहां से हटें तो उसकी सूचना अवश्य दें कि वह वहां से हट रहा है, लेकिन एसपी के आदेश का कोई असर दिखायी नहीं दे रहा है। महिला पर जानलेवा हमला व उसके भाई की हत्या जैसी घटना कर्नलगंज चौकी के निकट घटित हुई है। घायल महिला की अगर मानें, तो घटना के समय वह जोर-जोर से चिल्ला-चिल्लाकर सडक़ पर खड़े होकर मदद के लिए पुकार रही थी, लेकिन जिस समय घटना घटित हुई, उस समय कर्नलगंज चौकी में ताला पड़ा हुआ था।

देह व्यापार से भी जुड़े हो सकते हैं घटना के तार
फर्रुखाबाद। घर में बेटी की सहेली व उसके पुरुष मित्र को रात्रि गुजारने के लिए पहली बार शरण नहीं दी थी। घायल महिला इससे पहले भी उसे कई बार घर में रुकने दिया था। सूत्रों की मानें तो अक्सर ऐसे लोगों को इस घर में आते जाते देखा गया है। घायल महिला की भी समाज में छवि अच्छी नहीं है। जनचर्चा के अनुसार देह व्यापार की बात सामने आ रही है, लेकिन अभी इस पर पुलिस की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *