हम सभी पर आगंतुकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का दायित्व-उपमुख्यमंत्री

अयोध्या पहुंचे उपमुख्यमंत्री, प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों का लिया जायजा।

अमिताभ श्रीवास्तव।

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। शनिवार को अयोध्या पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की अध्यक्षता में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आगामी 22 जनवरी को प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दृष्टिगत अन्तर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपमुख्यमंत्री ने वर्तमान में अयोध्या में स्थित विभिन्न चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की और कहा कि भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर पूरे भारत एवं विश्व की नजर है।

हम सभी पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अयोध्या आने वाले विशिष्टजनों और श्रद्वालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का दायित्व है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी तैयारियां पूर्व से ही कर लिया जाय।उन्होने निर्देश देते हुए कहा कि अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान जिले के आसपास के जनपदों के चिकित्सालयों में सभी सुविधाओं की तैयारियां कर ली जाय।प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सरथी सेन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों के सम्बंध में जानकारी दी।मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों के सम्बंध में प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया तथा जिलाधिकारी नितीश कुमार ने स्वास्थ्य सम्बंधी विभिन्न बिन्दुओ के सम्बंध में अवगत कराया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चम्पत राय ने ट्रस्ट द्वारा की जा रही स्वास्थ्य सम्बंधी तैयारियों के सम्बंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।इस दौरान महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी,नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता,श्रीराम जन्मभूमि न्यास के सदस्य डा0 अनिल मिश्रा, भाजपा नेता विशाल मिश्र, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. दीपा त्यागी,अपर निदेशक स्वास्थ्य सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *