विकसित भारत संकल्प यात्रा का ग्राम पंचायत गुठिना में हुआ स्वागत

लाभार्थियों को वितरित किये गये उज्जवला कनेक्शन/सम्मान निधि पत्र
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज।
भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा का क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुठिना में जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान पात्रों को उज्जवला गैस कनेक्शन तथा सम्मान निधि पत्र वितरित किये गये।
नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुठिना में विकास खंड स्तर के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा का ग्राम पंचायत में बड़े हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक पति अजीत गंगवार तथा ग्राम पंचायत के अधिकारियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। वहीं एलईडी वन के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विकसित भारत यात्रा में योजनाओं का भी गुणगान किया गया। सीडीपीओ कार्यालय तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अन्नप्राशन तथा गोद भराई का कार्य कराया गया।

वहीं कायमगंज क्षेत्र की विधायक सुरभि के पति अजीत गंगवार ने लोगों को सम्मान निधि पत्र वितरित किये। उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को उज्ज्वला योजना के प्रपत्र वितरित किये गये। प्रधान सौरभ दीक्षित ने बताया की सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को हर स्तर से धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा तथा जनता को इसका सीधा लाभ दिलाया जाएगा। एलईडी वन के माध्यम से प्रधानमंत्री का सीधा लाइव प्रसारण तथा वर्चुअल संवाद भी दिखाया गया। इस मौके पर विधायक पति अजीत गंगवार, एडीओ पंचायत कृष्णपाल सिंह, एडीओ आईएसबी सुखदेव सिंह, ग्राम पंचायत सचिव मोतीलाल यादव, ग्राम प्रधान सौरभ दीक्षित, सीडीपीओ विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य कई विभागों के लोग भी मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *