भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर सभी मंदिरों पर लोग करें भजन कीर्तन-डीएम

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जिले के समस्त राम मंदिर, हनुमान मंदिर व बाल्मीकि मंदिरों में राम कथा, रामायण पाठ, भजन कीर्तन आदि कराने एवं मकर संक्रांति के दृष्टिगत तैयारी बैठक की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। समस्त सरकारी भवनों की सजावट कराई जाए। 22 जनवरी को सभी विद्यालयों में साफ -सफाई व सजावट कराई जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की सभी उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में 14 22 जनवरी को गरीबों को कंबल वितरण कराना सुनिश्चित करें। नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान, निराश्रित गौवंश संरक्षण अभियान चलाने एवं शीतलहर से लोगों के बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिये। सभी सरकारी भवनों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में मंदिरों को चिन्हित कर उनकी साफ -सफाई, प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर उन पर कार्यक्रम कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी उप जिलाधिकारी क्षेत्राधिकारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के सभी स्नान घाटों का निरीक्षण कर लें। गोताखोर को तैयार रखें, जिससे कि कोई जनहानि न होने पाये। कोई भी अनाधिकृत घाट संचालित न होने पाये। जिला पंचायत को निर्देशित किया कि घाटों पर बड़े चेतावनी बोर्ड लगाएं व प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था करें। सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने अपने क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा का आयोजन सुनिश्चित कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी व संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *