रामनगरिया मेले में मुख्यमंत्री के आने की आहट से एडीजी व आईजी ने परखीं तैयारियां

एडीजी ने कहा की मेले में आने वाले कल्पवासियों की सुरक्षा उनका मुख्य लक्ष्य
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
मेला श्रीरामनगरिया में मुख्यमंत्री के आने की संभावना के मद्देनजर कानपुर के जोन के अपर पुलिस महानिदेशक व परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने डीएम व एसपी के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निर्देश दिये कि सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखी जाये। साथ ही मेले में आने वाले कल्पवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जानकारी के अनुसार शनिवार को एडीजी कानपुर जोन आलोक सिंह व आईजी जोगेंद्र सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए समीक्षा की। एडीजी ने मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सही रहे, इसके लिए सीओ ट्रैफिक को खाका तैयार करने के निर्देश दिये। साथ ही मेले में रात में उचित प्रकाश की व्यवस्था हो, साथ ही जनता को जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर पोस्टर व बैनर लगाये जायें। एडीजी ने कहा की मेले में आने वाले कल्पवासियों की सुरक्षा उनका मुख्य लक्ष्य है, इसके लिए हर संभव उपाय किए जा रहे है। गंगा नदी में गहरे पानी में संकेतक लगाए गए हैं। साथ ही गोताखोरों की भी तैनाती की गई है। मेले में किसी प्रकार के अप्रिय घटना से निपटने के लिए फ्लड पीएसी की कंपनी भी तैनात रहेगी। साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग से मेले में साफ -सफाई सहित बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर काम किया जा रहा है एडीजी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, एडीएम सुभाष प्रजापति सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बताते चलें कि २५ जनवरी को मेला का शुभारंभ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की प्रबल संभावना जतायी जा रही है। वह यहां की पौराणिक महत्व को देखना चाहते हैं। सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने उन्हें मेले में आने का आमंत्रण भी दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *