फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की अध्यक्षता में नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर जिला कार्यशाला का आयोजन हुआ। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबीता पाठक सहित महिला कार्यकर्ता मौजूद रही।
जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। संगठन स्तर पर शक्ति वंदन अभियान चलाया जाएगा जो की पांच चरणों में चलाने के निर्देश मिले हैं। इस अभियान में भाजपा महिला मोर्चा की भागीदारी रहेगी। पहले चरण में 10 फरवरी से शक्ति संवाद कार्यक्रम जिला स्तर पर होगा। जिसमें महिला संबंधित विशिष्ट एनजीओ के प्रमुख (शिक्षा, स्वास्थ्य, सहकारी समितियां, कृषि, लीगल अवेयरनेस, पर्यावरण, स्केल के क्षेत्र में काम करने वाली एनजीओ) एवं जिले में अच्छा कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष/सचिव शामिल होंगे। 11 फरवरी से 14 फरवरी के मध्य शक्ति सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा। विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में एनजीओ से संबंधित प्रमुख महिलाओं को अच्छे कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबीता पाठक ने कहा कि आज देश में हर क्षेत्र में महिलाएं नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने महिलाओं को हर क्षेत्र में मजबूत करने का कार्य किया है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ एनजीओ एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सामाजिक परिवर्तन लाने का कार्य किया। संगठन स्तर पर भाजपा में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर समाज के लिए कार्य किया है। यह अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाया जा रहा है जो सामाजिक स्तर पर एक अच्छा संदेश देगा। हिमांशु गुप्ता ने बताया इन कार्यक्रमों के लिए जल्द से जल्द तिथियां का ऐलान हो जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए संयोजक बनाए जाएंगे।10 फरवरी से 26 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में महिला मोर्चा सहित जिला व मंडल स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई है। संचालन हिमांशु गुप्ता ने किया। इस दौरान ममता सक्सेना, श्वेता दुबे, अभिषेक बाथम, रमला राठौर, राजवती बाथम, रचना अवस्थी आदि लोग मौजूद रहे।
