होटल, रेस्टोरेंट, पार्कों में कोई भी नहीं मिला प्रेमी जोड़ा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। वेलेंटाइन-डे पर प्रेमी जोड़ों की तलाश में हिंदू महासभा ने होटलों, रेस्टोरेंट व पार्कों में लट्ठ मार अभियान चलाया, लेकिन इस दौरान उन्हें कोई भी प्रेमी जोड़ा हाथ नहीं लगा।

जानकारी के अनुसार हिन्दू महासभा ने पूर्व में ही घोषणा की थी कि इस बार वेलेंटाइन-डे पर प्रेमी जोड़ों की तलाश में होटलों, रेस्टोरेंट व पार्कों में छापामार अभियान चलायेगी। इस दौरान जो कोई भी प्रेमी जोड़ा मिलेगा, उसकी जबरदस्ती शादी करायी जायेगी। इसी क्रम में आज हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष क्रांति पाठक के साथ महिला मोर्चा ने प्रेमी जोड़ों की तलाश में पार्क, रेस्टोरेंट, होटल सहित सार्वजनिक स्थानों पर छापेमारी की। हाथों में लाठी, डंडे लेकर प्रेमी जोड़ों को शहर भर में खोजते रहे। हिंदू महासभा के पदाधिकारियों के साथ प्रेमी जोड़ों का विवाह कराने को पुजारी भी चल रहे थे, लेकिन उन्हें कोई भी प्रेमी जोड़ा इस दौरान हाथ नहीं लगा। कई रेस्टोरेंट व होटलों में जाकर होटल मालिकों से पूछताछ की और हिदायत दी कि कोई भी प्रेमी जोड़ों को अपने होटलों, रेस्टोरेंटों में आश्रय नहीं देगा। हिन्दू महासभा की इस चेतावनी के चलते प्रेमी जोड़े नजर नहीं आये।
