गैंगेस्टर के आरोपी सट्टा माफिया सहित तीन की करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क

सट्टा माफिया सर्वेश पाल, हसनैन, पारुल मिश्रा पर हुई कार्यवाही
3 करोड़ से अधिक की बतायी जा रही सम्पत्ति, कार्यवाही जारी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
लंबे समय से सट्टे का कारोबार कर अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर तहसीलदार ने तीनों आरोपियों की करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क कर ली है।
जिलाधिकारी वी0के0 सिंह ने 15 फरवरी को कुर्की का आदेश जारी किया था। जिसमें कहा गया है कि पुलिस अधीक्षक, फतेहगढ़ की आख्या दिनांक 8 फरवरी के साथ प्रभारी निरीक्षक मऊदरवाजा की जांच आख्या दिनांक 1 जनवरी को संलग्न करते हुए जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि गैंगेस्टर एक्ट के अन्तर्गत उक्त अपराध में नामित अभियुक्ता पारूल मिश्रा पत्नी राजेश मिश्रा उर्फ टिंकू निवासी कुइयांबूट थाना मऊदरवाजा, गैंग लीडर हसनैन पुत्र जुम्मन खां निवासी खटकपुरा द्वारा सह अभियुक्तगण राजू उर्फ इरसाद पुत्र नियाज खां निवासी गढ़ी अब्दुल मजीद खां, बक्कास पुत्र मोहम्मद सईद निवासी गढ़ी अब्दुल मजीद खां (जंगबाज खां), दिलसाद पुत्र हसनैन निवासी खटकपुरा। चांद मियां पुत्र सादिक अली निवासी खटकपुरा, सरताज पुत्र हसनैन निवासी खटकपुरा, सोहिल पुत्र अकील खां निवासी खटकपुरा (डबग्रान), गुड्डन उर्फ मनोज पुत्र जगमोहन निवासी दरीबा पूर्व, पप्पू उर्फ रामप्रसाद पुत्र नवल किशोर निवासी जंगबाज खां, अशफाक पुत्र मुख्तार निवासी खटकपुरा, सर्वेश पाल पुत्र मलखान निवासी पालीवाल वाली गली भोलेपुर, रोहित पुत्र छोटे निवासी खटकपुरा शामिल हैं।

जिन्होंने अपने आर्थिक एवं भौतिक लाभ प्राप्त करने हेतु समाज विरोधी कियाकलाप में लिप्त रहते हुए विगत कई वर्षों से गिरोह बनाकर लगातार भा0द0वि0 के अध्याय 16, 1722 में वर्णित अपराध अपने स्वार्थ के लिये कारित करते हैं। इस गिरोह का समाज में इतना भय व आतंक व्याप्त है कि जनता का कोई भी व्यक्ति इनके खिलाफ सूचना या गवाही देने के लिये तैयार नही होता है।
पारुल मिश्रा के मकान एवं मारुति सुजुकी डिजायर, हीरो स्कूटर तथा टीवीएस अपाचे बाइक को सीज किया गया। जिसमें वाहनों की कीमत 15,80,586/– रुपए एवं मकान की कीमत 31,71,886/- है। बताया गया कि कुर्की कार्रवाई से गुस्साईं पारुल मिश्रा की मां ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए काफी हंगामा किया। महिला पुलिस कर्मियों ने महिला को शांत किया। इस कार्रवाई के बाद सट्टा माफिया हसनैन एवं उनके पुत्र सरताज व दिलशाद का मकान, अल्टो कार, रॉयल एनफील्ड, बुलेट एवं हीरो सुपर बाइक कुर्क किया गया।

मकान की कीमत 30,91485/- एवं वाहनों की बाजारू कीमत 15,42,745/- रुपए आंकी गई। सट्टा माफिया सर्वेश पाल के ग्राम बिजाधरपुर स्थित मकान कई आवासीय प्लाट दुकान एवं महिंद्रा स्कॉर्पियो, थ्री व्हीलर की की कुर्की की गई। बैंक खाता भी सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। तहसीलदार ने बताया कि सर्वेश पाल की कुल सम्पत्तियों की कीमत 3 करोड़ 35 लाख 75 हजार है। जिन्हें कुर्क किया जा चुका है। तहसीलदार ने बताया कि अन्य सम्पत्ति की भी कुर्क करने की कार्यवही चल रही है।

तत्कालीन क्षेत्राधिकारी ने कसा था शिकंजा, ध्वस्त कर दी थी कोठरी

फर्रुखाबाद। सट्टा माफिया सर्वेश लंबे समय से सट्टे के कारोबार के साथ-साथ जुआ आदि जैसे अवैध कारोबार में लिप्त है। माफिया कोतवाली फतेहगढ़ की चौकी कर्नलगंज के क्षेत्र पालीवाल गली के निकट एक मकान में खाईवाड़ी का काम करता था। कई वर्ष पूर्व पुलिस को पैसा देने की बात सामने आने पर तत्कालीन क्षेत्राधिकारी ह्रदयेश कुमार ने इसके नकेल डालने के लिए इसकी घेराबंदी की थी। मौका पाकर भाग गया था। इस दौरान पुलिस ने जिस जीने के सहारे कोठरी में खाईवाड़ी का काम होता था उसे ध्वस्त कर दिया था, तभी से इसके पैर उखड़ गये और मैनपुरी में इसने अपना अड्डा बनाया। जहां से ऑनलाइन खाईवाड़ी का काम शुरु कर दिया। जिसके चलते यह पुलिस की पकड़ से दूर हो गया। एआरटीओ कार्यालय के निकट एक होटल भी खोल रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *