प्रशासन को शायद फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार

सवारियों को भूसे की तरह भरकर फर्राटा भर रहे ट्रैक्टर ट्राली
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आये दिन ट्रैक्टर ट्रालियों से हो रहीं दुर्घटनाओं के बाद भी प्रशासन नहीं चेत रहा है। सवारियां से भरी ट्रैक्टर ट्राली मुख्य मार्गों पर फर्राटा भरती नजर आ जायेंगी।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से कासगंज में हुई दुर्घटना ने पूर्व में हो चुकी दुर्घटनाओं की याद ताजा कर दी। एक के बाद एक दर्दनाक हादसे हो रहे हैं। फिर भी लोग इनसे सबक नहीं ले रहे। हादसे के बाद भी ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर आते जाते रहे, लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी या पुलिस ने रोकटोक करता नहीं दिखा। बीते वर्ष 4 अप्रैल 2023 को कायमगंज क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 35 लोग घायल हो गए थे। वहीं 12 अप्रैल 2024 को शमशाबाद क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि 31 लोग घायल हो गए थे। वहीं 21 जनवरी 2024 को नवाबगंज क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई थी।

कानपुर की दुर्घटना के बाद यह चर्चा बड़ी तेज चली कि ट्रैक्टर ट्रालियों में सवारियों को नहीं बैठने दिया जाएगा। सवारी के साथ पकड़े जाने पर दस हजार का जुर्माना भी भरना पड़ेगा। यह भी कहा गया है कि सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। अब ट्रालियों का पंजीकरण मात्र कृषि कार्य के लिए होगा। वाणिज्यिक पंजीकरण पर रोक लगा दी जाएगी। चार पहिया ट्रालियों का ही पंजीकरण होगा। दो पहिया ट्रालियों का न तो पंजीकरण होगा और ना ही निर्माण, लेकिन इन बातों को कार्य व्यवहार में कितना लाया गया। इसका अनुमान लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *